खाना खाकर सोने की तैयारी में थे कि गिर गई पूरी दीवार
सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोविंदपुर के लोहरटांगपारा में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जब एक कच्चा मकान अचानक जमींदोज हो गया। घर के मुखिया राजकुमार यादव अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ भोजन कर सोने की तैयारी ही कर रहे थे, तभी दीवार की मिट्टी झड़ने लगी। परिवार किसी तरह घबराकर बाहर निकल पाया, इससे पहले ही पूरा घर धराशायी हो गया।
आंखों के सामने ढह गया आशियाना, लाखों का सामान मलबे में दबा
पूरे परिवार के सामने ही उनका घर मलबे में तब्दील हो गया। इस दौरान चावल, धान, गेहूं सहित घरेलू बर्तन और जरूरी सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति मलबे के नीचे दब गई। हादसे के बाद परिवार के पास न तो रहने की जगह बची और न ही रोजमर्रा का सामान, जिससे आगे की जिंदगी को लेकर गहरी चिंता खड़ी हो गई है।
पक्के कमरे में गुजारी रात, वह भी अगली सुबह गिरा
हादसे की रात परिवार ने घर के एक पक्के कमरे में शरण ली थी, लेकिन रविवार सुबह वह कमरा भी ढह गया। इस दोहरी विपदा ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जिससे अब उनके सामने रहने और गुजर-बसर, दोनों की समस्या खड़ी हो गई है।
परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित, कलेक्टर से लगाई मुआवजे की गुहार
गनीमत रही कि इस हादसे में राजकुमार यादव, पत्नी सीता यादव और उनके बच्चे संजय, पुष्पा, अमस्या व दीपा सभी सुरक्षित बच निकले। परिवार ने जिला कलेक्टर से जल्द से जल्द मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
कलेक्टर ने दिया मुआवजे का आश्वासन
इस मामले में जिला कलेक्टर अजीत बसंत ने कहा कि शासन के नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।






