सिटी कोतवाली और लोदाम थाना क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई; 8 गौवंश पैदल हांककर ले जाते आरोपी को पकड़ा, पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरे 9 गौवंशों में 2 की हो चुकी थी मौत
17 गौवंशों को कराया गया मुक्त
जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता के खिलाफ Jashpur Police की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत थाना सिटी कोतवाली जशपुर और थाना लोदाम क्षेत्र में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 17 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि एक मामले में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त किया गया है।

छोटा बनई के जंगल में 8 गौवंश बरामद
थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में 23 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम छोटा बनई के जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल हांककर ले जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया तथा संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजय नगेशिया, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम कुंडिग महुआ टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर बताया। पुलिस के अनुसार, गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस के अनुसार, अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी अजय नगेशिया को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जामटोली के जंगल में पिकअप छोड़कर फरार हुआ चालक
दूसरी कार्रवाई थाना लोदाम क्षेत्र में 23 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-05-DD-7297 में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर जशपुर से पतराटोली होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान जशपुर की ओर से संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को रोकने के बजाय जामटोली मार्ग की ओर तेज रफ्तार से भगाने लगा।
पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। जामटोली मार्ग के जंगल के पास चालक पिकअप छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरे मिले 9 गौवंश
पुलिस द्वारा पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें ठूंस-ठूंसकर 9 गौवंश भरे हुए मिले। इनमें से 2 गौवंशों की मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस ने बरामद गौवंशों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
दोनों मामलों में दर्ज हुआ अपराध
दोनों मामलों में संबंधित थानों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
सिटी कोतवाली जशपुर मामले की कार्रवाई और गौवंशों की बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, आरक्षक शोभनाथ सिंह और नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं थाना लोदाम क्षेत्र की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक अजय केरकेट्टा, बूटा सिंह और बसंत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा—कार्रवाई जारी रहेगी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार जारी है। उनके अनुसार, सिटी कोतवाली जशपुर और लोदाम थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में कुल 17 गौवंशों को मुक्त कराया गया है।
उन्होंने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि लोदाम थाना क्षेत्र में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया गया है। फरार आरोपियों की पतासाजी जारी है। उन्होंने कहा कि गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






