“ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए ग्राम नंदेली इंदिरा आवास पारा से एक व्यक्ति को अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 900 रुपये कीमत की 9 लीटर महुआ शराब बरामद हुई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रची घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में एक व्यक्ति अपनी बाड़ी में बिक्री के इरादे से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब जमा किए हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया।
आरोपी की पहचान हुई, दो जरीकेन में मिली शराब
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान नंदेली इंदिरा आवास पारा निवासी मनबोध चौहान (पिता पीला राम चौहान, उम्र 40 वर्ष) के रूप में बताई। पुलिस ने उसके कब्जे से 5-5 लीटर क्षमता वाली दो प्लास्टिक जरीकेन में रखी कुल 9 लीटर महुआ शराब गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर पंचनामा तैयार किया।
आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांच में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध पाया गया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में प्रधान आरक्षक रवि साय, आरक्षक अजय साय, बंशी रात्रे, मनोज यादव और महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की सक्रिय भूमिका रही।






