थमने का नाम नहीं ले रहा विवाद
गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार के कथित अफेयर को लेकर उठे विवाद के बीच अब यह मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। हाल ही में कोमल रानी ने अपनी एक इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सुनीता आहूजा पर सीधा निशाना साधते हुए उनकी हालिया टिप्पणियों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि गोविंदा और कोमल हाल ही में लालबागचा राजा मंदिर में एक साथ बप्पा के दर्शन करते नजर आए थे, जिसके कुछ समय बाद सुनीता आहूजा दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचीं।
सुनीता के बयान पर भड़कीं कोमल
सुनीता आहूजा के मंदिर दौरे का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्हें यह कहते सुना गया था कि उनका घर बिना किसी वजह टूट रहा है। इस बयान के जवाब में कोमल रानी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसमें कोई घर तोड़ने वाला नहीं बन सकता।
कोमल ने तोड़ी चुप्पी, लगाए संगीन आरोप
गोविंदा के साथ अपने रिश्ते को लेकर लगातार बढ़ती चर्चाओं के बीच कोमल रानी ने आखिरकार लंबी चुप्पी तोड़ते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर विस्तृत पोस्ट लिखी। इसमें उन्होंने सुनीता आहूजा पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। कोमल ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि जो महिला वर्षों से अपने ही पति की जान लेने की कोशिश में लगी हो, ऐसी महिलाओं की बददुआओं का कोई असर नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि पहले से टूटे घर में कोई सेंध नहीं लगा सकता और लोगों को बिना ठोस वजह के किसी पर उंगली उठाने से बचना चाहिए। कोमल ने सवाल उठाया कि क्या यह सचमुच किसी का दर्द है या फिर एक सोची-समझी रणनीति।
अपनी पोस्ट में आगे कोमल ने किसी पुरुष को मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित करने, काम करने से रोकने, घर में निष्क्रिय बना देने, पूरी तरह अलग-थलग कर देने और मौत के कगार तक पहुंचा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए, हालांकि उन्होंने किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। उन्होंने यह भी लिखा कि कोई भी समर्पित पत्नी अपने पति के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं कर सकती और सवाल उठाया कि क्या ऐसी महिलाएं मानसिक रूप से परेशान हैं या फिर सहानुभूति बटोरने के लिए सोच-समझकर यह सब सार्वजनिक कर रही हैं। कोमल ने अपने नाम के दुरुपयोग पर भी आपत्ति जताई।
कैसे शुरू हुई थी अफवाहें
गोविंदा और कोमल रानी के रिश्तों को लेकर चर्चाएं इसी साल की शुरुआत में तब तेज हुईं जब दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर एक साथ देखा गया था। कोमल फिलहाल गोविंदा के साथ उनकी आगामी फिल्म ‘रूपा’ में काम कर रही हैं। हालांकि दोनों में से किसी ने भी अब तक इन अटकलों की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा का विवाह 1987 में हुआ था और उनके दो बच्चे हैं — बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। सुनीता पिछले कुछ महीनों में कई मौकों पर अपने वैवाहिक जीवन को लेकर सार्वजनिक रूप से बयान देती रही हैं।






