अचानक भरभराकर गिरा कच्चा मकान, तीन लोग मलबे में दबे
रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदेली के महंत पारा में एक दुखद हादसा सामने आया, जहां एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त घर के भीतर मौजूद परिवार के तीन सदस्य मलबे के नीचे दब गए, जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि उसके पति और किशोर बेटे को गंभीर चोटें आईं।
पड़ोसियों की मदद से मलबे से निकाला गया परिवार
घटना की जानकारी के अनुसार, मकान ढहने से रोहिणी महंत अपने पति रतन दास और 15 वर्षीय बेटे के साथ मलबे में फंस गईं। मकान गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक रोहिणी महंत की जान जा चुकी थी।
घायलों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
गंभीर रूप से घायल रतन दास और उनके बेटे को इलाज के लिए तुरंत रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की हादसे के कारणों की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में कच्चा मकान अचानक ढह गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल छाया हुआ है।






