कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल में हुए रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों की सुविधाओं का भी लगातार निरीक्षण
1 अक्टूबर को होगा प्रतियोगिता का समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और विजेता टीमें होंगी सम्मानित
रायगढ़, 30 सितंबर 2026। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 के दूसरे और तीसरे दिन रायगढ़ स्टेडियम, बोईरदादर में कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल के मुकाबले खेले गए। प्रदेश के पांचों संभागों से पहुंचे स्कूली खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कबड्डी में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
दूसरे दिन कबड्डी के बालक वर्ग में रायपुर ने दुर्ग को 38-35 और सरगुजा को 35-32 से हराया। बिलासपुर ने दुर्ग को 69-10 और रायपुर को 53-4 से पराजित किया। वहीं दुर्ग ने रायपुर को 52-12 से हराया, जबकि बिलासपुर ने दुर्ग के खिलाफ 30-12 से जीत दर्ज की।
बालिका वर्ग में रायपुर ने बस्तर को 30-22 और सरगुजा को 38-24 से शिकस्त दी। दुर्ग ने बस्तर को 42-3, जबकि बिलासपुर ने बस्तर को 65-7 से हराया।
खो-खो में भी कड़ा मुकाबला
खो-खो के बालक अंडर-17 वर्ग में बिलासपुर ने सरगुजा को 10 अंकों से, बस्तर ने दुर्ग को 4 अंकों से और रायपुर ने सरगुजा को 1 अंक से पराजित किया।
बालिका वर्ग में बस्तर और दुर्ग के बीच मुकाबला 13-13 अंकों की बराबरी पर समाप्त हुआ। अन्य मुकाबलों में रायपुर और बस्तर की टीमों ने जीत हासिल की।
वॉलीबॉल में रोमांचक मुकाबले
वॉलीबॉल के बालक अंडर-17 वर्ग में दुर्ग संभाग ने बस्तर को 26-24, 19-25 और 15-13 से हराया। रायपुर ने सरगुजा को 25-15 और 25-14 से पराजित किया। बिलासपुर ने दुर्ग के खिलाफ मुकाबले में जीत दर्ज की। वहीं रायपुर ने बस्तर को 25-18 और 25-14 से शिकस्त दी।
बालिका वर्ग में दुर्ग ने बस्तर को 22-25, 26-24 और 15-12 से हराया। रायपुर ने सरगुजा को 25-17 और 25-3 से पराजित किया। बस्तर ने बिलासपुर को 14-25, 25-20 और 15-8 से हराया। रायपुर और दुर्ग के बीच हुए मुकाबले में दुर्ग ने 25-21 और 25-18 से जीत दर्ज की।
तीसरे दिन घोषित हुए प्रमुख परिणाम
प्रतियोगिता के तीसरे दिन विभिन्न खेलों में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीमों के परिणाम सामने आए।
- कबड्डी बालिका अंडर-14: बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय।
- कबड्डी बालक अंडर-14: बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय।
- वॉलीबॉल बालिका अंडर-17: दुर्ग प्रथम, बस्तर द्वितीय और रायपुर तृतीय।
- खो-खो बालक अंडर-17: रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय।
खिलाड़ियों की सुविधाओं पर प्रशासन की नजर
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और परिवहन की व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक अधिकारी इन व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
सहायक कलेक्टर एवं प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी गोकुल आर.के., जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू और जिला क्रीड़ा अधिकारी जीवनलाल नायक ने प्रतियोगिता स्थल के साथ खिलाड़ियों के आवास स्थलों का भी जायजा लिया।
अधिकारियों के अनुसार खिलाड़ियों के ठहरने के लिए सिंधु भवन, सेंट जेवियर स्कूल, मुक्ति प्रकाश स्कूल और सेंट टेरेसा स्कूल सहित अन्य स्थानों पर व्यवस्था की गई है। परिवहन विभाग द्वारा खिलाड़ियों को आवास से खेल मैदान तक लाने-ले जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
नगर पालिक निगम की ओर से आवास स्थलों पर साफ-सफाई के साथ मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इन व्यवस्थाओं के चलते विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ी अपना ध्यान खेल प्रदर्शन पर केंद्रित कर रहे हैं।
1 अक्टूबर को होगा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन समारोह 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम, रायगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
समापन समारोह में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।






