सुबह 6 बजे से जांच में जुटी टीम, दुर्ग में ट्रांसपोर्ट कारोबारी और रायपुर में ज्वेलरी व्यवसायी के ठिकाने पर दबिश
रायपुर। दिवाली से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी रायपुर और दुर्ग में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीमें सुबह करीब 6 बजे से जांच में जुटी हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। फिलहाल छापेमारी के कारणों और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
दुर्ग में ट्रांसपोर्ट कारोबारी गुलशन बघेल के घर दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने दुर्ग स्थित ऋषभ ग्रीन सिटी में ट्रांसपोर्ट कारोबारी गुलशन बघेल के आवास पर दबिश दी है। बताया जा रहा है कि करीब 10 अधिकारियों की टीम मकान के भीतर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
गुलशन बघेल पर आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान उन्होंने खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बताकर लोगों से कथित तौर पर उगाही की थी। इस मामले में पहले भी कार्रवाई होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मौजूदा छापेमारी में किन बिंदुओं पर जांच की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रायपुर में ज्वेलरी कारोबारी नितिन डागा के ठिकानों पर जांच
इधर, राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में स्थित सुशील विला में ज्वेलरी कारोबारी नितिन डागा के आवास पर भी ईडी की टीम ने दबिश दी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रायपुर में कारोबारी से जुड़े तीन से चार ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
टीम सुबह से ही आवास के भीतर दस्तावेजों की जांच कर रही है। नितिन डागा को आरंग क्षेत्र के प्रमुख ज्वेलरी कारोबारियों में शामिल बताया जा रहा है। हालांकि, उनके ठिकानों पर की जा रही कार्रवाई किस मामले से संबंधित है, इसकी जानकारी अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
रायपुर और दुर्ग में जारी ईडी की कार्रवाई को लेकर फिलहाल जांच के कारणों, संभावित बरामदगी और अन्य विवरणों की पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही छापेमारी के उद्देश्य और जांच की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।











