जशपुर। लोन दिलाने का झांसा देकर सुरक्षा निधि के नाम पर 1 लाख 93 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में जशपुर पुलिस ने एक आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रमणि देवदास (33 वर्ष), निवासी भिलाई-3, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। प्रकरण पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है।
10 लाख रुपये का लोन दिलाने का दिया था झांसा
पुलिस के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के शांतिनगर, तिलडेगा निवासी गजानंद चौहान (36 वर्ष) ने 3 अगस्त 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी को वर्ष 2025 में लोन की आवश्यकता थी। इसी दौरान भिलाई निवासी चंद्रमणि देवदास ने फोन कर खुद को सोमी फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके पास प्रार्थी के लोन की फाइल आई है।
आरोपी ने 10 लाख रुपये का लोन दिलाने के लिए कंपनी में सुरक्षा निधि जमा कराने की बात कही। इसके बाद उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सुरक्षा राशि के नाम पर प्रार्थी से कुल 1 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खातों की जानकारी से जांच आगे बढ़ी
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी के संबंधित बैंक से आवश्यक जानकारी जुटाई। जांच में चंद्रमणि देवदास और उसके दो साथियों की संलिप्तता सामने आई। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार थे और पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी।
इसी बीच चंद्रमणि देवदास के भिलाई में होने की सूचना मिली। इसके बाद पत्थलगांव पुलिस की टीम भिलाई पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों का उपयोग कर प्राप्त रकम को घरेलू जरूरतों में खर्च किया गया।
26 अक्टूबर को गिरफ्तारी, दो आरोपी अब भी फरार
विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पत्थलगांव पुलिस ने 26 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। उनकी तलाश जारी है और पुलिस जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, प्रधान आरक्षक चंद्रविजय पैंकरा और आरक्षक देवसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











