रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। प्रवास के पहले दिन वे राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। वहीं, 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचकर बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रायपुर और जगदलपुर में तैयारियां की जा रही हैं।
रायपुर में सेवा सम्मान पर्व में करेंगी शिरकत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार सुबह 11:55 बजे रायपुर पहुंचेंगी। एयरपोर्ट से वे सीधे लोकभवन के लिए रवाना होंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे इनडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा सम्मान पर्व में शामिल होंगी। उनके कार्यक्रम में गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करना भी शामिल है।
बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में होंगी शामिल
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां वे बस्तर दशहरा की विशिष्ट सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में भाग लेंगी। यह आयोजन सिरहासार भवन में होगा। इसके बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी।
बस्तर दशहरा अपनी विशिष्ट परंपराओं और जनजातीय संस्कृति के लिए देशभर में पहचान रखता है। मुरिया दरबार इस उत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें क्षेत्र की परंपराओं और जनभागीदारी की झलक देखने को मिलती है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने तैयारियों का किया निरीक्षण
राष्ट्रपति के जगदलपुर प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण और आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की।
समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान वन मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।
इस दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











