
पाली। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ शक्ति स्वरूपा दुर्गा उत्सव समिति, आम बाजार पाली द्वारा भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में छोटे बच्चों के साथ-साथ माताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कल्पना और भक्ति भाव को रंगों के माध्यम से जमीन पर उतारा। रंगोली में विभिन्न थीम देखने को मिलीं।

प्रतिभागियों ने नवदुर्गा, नारी सशक्तिकरण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नवरात्रि, माँ कालरात्रि तथा भगवान शिव के रौद्र रूप जैसे विषयों पर आकर्षक और संदेश देने वाली रंगोलियां बनाईं।

बच्चों द्वारा बनाई गई नारी सशक्तिकरण और बेटी बचाओ थीम की रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया और उनका हौसला बढ़ाया गया। समिति ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में भारतीय संस्कृति और कला के प्रति रुचि बढ़ती है और मातृशक्ति को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है।

इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।











