बलौदाबाजार। ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने और उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत भरवाड़ीह में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) द्वारा वित्तीय समावेशन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिला हितग्राहियों और पंचायत से जुड़े कर्मचारियों को बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी योजनाओं तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैंक खाते के नियमित उपयोग और बचत पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान पंचायत सचिव हरिकिशन वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं के महत्व से अवगत कराया गया। उन्हें बैंक खाते का नियमित उपयोग करने, बचत की आदत विकसित करने और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही ग्रामीणों को बताया गया कि बैंक खाते के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में प्राप्त की जा सकती है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से प्राप्त करने में मदद मिलती है।
डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह
कार्यक्रम में अधिकारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों ने वित्तीय समावेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बैंकिंग सेवाएं प्रत्येक व्यक्ति के लिए जरूरी हैं। बैंक खाते के माध्यम से न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है, बल्कि बचत और आर्थिक सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलता है।
ग्रामीणों को डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्हें समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करना चाहिए।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में सरपंच नरेंद्र कश्यप, पंचायत सचिव हरिकिशन वर्मा, पंच प्रभाकर मिश्रा, अश्विन सगरवंशी, अशोक साहू, शैल वाला, पुष्पा साहू, कविता यादव, कविता धरमदास, कमलेश्वरी यदु, दिना बाई, सरस्वती सागरवंशी, अनिता यदु, संतोष ध्रुव, छबिलाल दांडेकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करने और उन्हें वित्तीय रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ लोगों को सुरक्षित और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।











