रीवा। दीपावली के त्योहार से पहले मध्य प्रदेश के रीवा में खाद्य विभाग ने नकली मिठाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य विभाग की टीम ने नए बस स्टैंड पर छापा मारकर करीब एक क्विंटल मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री में मिल्क केक और मावा भी शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे के मुताबिक, जांच में मिठाइयां नकली पाई गईं। इन्हें तैयार करने में दूध की जगह स्टार्च और फ्लेवर का इस्तेमाल किया गया था।
बनारस से ट्रैवल्स के जरिए रीवा पहुंची थी खेप
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने नए बस स्टैंड पर कार्रवाई की। मिठाइयों की यह खेप बनारस से आभा ट्रैवल्स के माध्यम से भेजी गई थी। इसके बाद गौतम ट्रैवल्स के जरिए इसे रीवा लाया गया।
टीम ने गौतम ट्रैवल्स में रखी मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान करीब एक क्विंटल सामग्री बरामद होने पर उसे जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर नहीं मिला व्यापारी
खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यापारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। टीम ने पूरी खेप जब्त कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। दीपावली से पहले नकली मिठाइयों की इतनी बड़ी खेप मिलने से नए बस स्टैंड क्षेत्र में हलचल मच गई।
त्योहार से पहले मिलावटी मिठाइयों को लेकर चिंता
दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में दूध की जगह स्टार्च और फ्लेवर से तैयार मिठाइयों की खेप मिलने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खाद्य विभाग मामले की जांच कर रहा है।











