रायगढ़, 31 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने 26 से 30 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से कुल 56.200 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई।
यह कार्रवाई कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
रकसापाली और तिलगा में भी पकड़ी गई महुआ शराब
आबकारी विभाग की टीम ने 26 अक्टूबर को भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रकसापाली में कार्रवाई करते हुए श्यामबाई सोनी के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब जब्त की।
इसके बाद 29 अक्टूबर को चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम तिलगा में वीरेंद्र राठिया के पास से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
घरघोड़ा में दो अलग-अलग कार्रवाई
30 अक्टूबर को घरघोड़ा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इसमें आरती मांझी के कब्जे से 25 लीटर और प्रेम बाई पैकरा के कब्जे से 6.200 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
चारों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
होटल-ढाबों और मदिरा दुकानों का भी हो रहा निरीक्षण
आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण भी किया जा रहा है।
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने सभी वृत्त प्रभारियों को अवैध मदिरा के विक्रय के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।











