Chhattisgarh Bus Accident : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राजनांदगांव से बालोद जा रही यात्रियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरी बस जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मालीघोरी गांव के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सुपर आनंद कंपनी की बस राजनांदगांव से यात्रियों को लेकर बालोद की ओर आ रही थी। इसी दौरान मालीघोरी गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। घटना के समय बस में करीब 10 से 15 यात्री सवार थे।
आग देखकर यात्रियों में मची अफरा-तफरी
चलती बस से आग की लपटें उठती देख यात्रियों में घबराहट फैल गई। आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों ने तत्काल बस से बाहर निकलना शुरू कर दिया। सभी यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।











