भारत निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण को दी मंजूरी, जर्जर भवनों की जगह सुरक्षित स्थानों पर होगी मतदान की व्यवस्था। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को मिलेगी सुविधा।
रायगढ़। जिले में आगामी चुनावों के दौरान मतदाताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली ने जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में 9 नए मतदान केंद्रों के गठन और 13 मतदान केंद्रों के स्थल परिवर्तन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। आयोग ने जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्तावों पर 30 अक्टूबर 2026 को सहमति प्रदान की।
इस प्रक्रिया के तहत कुछ मतदान केंद्रों के भवन और नामों में भी संशोधन किया गया है। इसका उद्देश्य मतदाताओं को नजदीक, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान पर मतदान की सुविधा देना है।
लैलूंगा में 7 और धरमजयगढ़ में 2 नए मतदान केंद्र
जिले में स्वीकृत 9 नए मतदान केंद्रों में लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के 7 और धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 2 केंद्र शामिल हैं।
लैलूंगा क्षेत्र में मतदान केंद्रों की दूरी और मतदाताओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए कोन्दाटिकरा, गोढ़ी, केंकराझरिया, बरडीह, बांधापाली, टांगरघाट और पाली में नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
वहीं, धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में शाहपुर से तराईमार की लगभग 5 किलोमीटर दूरी को देखते हुए प्राथमिक शाला तराईमार में नया मतदान केंद्र स्वीकृत किया गया है। इसके अलावा बैहामुड़ा से आश्रित ग्रामों की दूरी कम करने के लिए पंडरीपानी में भी नया मतदान केंद्र बनाया जाएगा।
रायगढ़ शहर के 13 मतदान केंद्रों के स्थल बदले
रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 13 मतदान केंद्रों के स्थानों में बदलाव किया गया है। इनमें से 8 केंद्रों के पुराने भवन ध्वस्त हो जाने के कारण उन्हें नजदीकी शासकीय स्कूलों और अन्य सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया गया है। ये केंद्र रामभांठा, मिठुमुड़ा, संत विनोबा नगर, सराईभद्दर और कबीर चौक क्षेत्र से संबंधित हैं।
इसके अलावा 4 मतदान केंद्रों को पूर्व में मतदान केंद्र रहे सरदार वल्लभभाई पटेल उत्कृष्ट विद्यालय में पुनर्स्थापित किया गया है। वहीं, एक केंद्र को मतदाताओं की सुविधा और निकटता को ध्यान में रखते हुए राजीव गांधी नगर माध्यमिक शाला में स्थानांतरित किया गया है।
लैलूंगा के 3 जर्जर भवनों की जगह सुरक्षित स्थानों पर मतदान
लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के खेड़आमा, टटकेला और लमडांड स्थित मतदान केंद्रों के भवन अत्यधिक जर्जर होने के कारण उनके स्थान बदले गए हैं। अब इन केंद्रों को नजदीकी सुरक्षित भवनों में संचालित किया जाएगा। इसके तहत माध्यमिक शाला, आंगनबाड़ी केंद्र और उच्चतर माध्यमिक शाला में मतदान की व्यवस्था की जाएगी।
मतदान केंद्रों के नाम और अनुभागों में भी संशोधन
युक्तियुक्तकरण के तहत रायगढ़ शहर के 4 मतदान केंद्रों के नामों में भी बदलाव किया गया है। उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय का नाम बदलकर क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला किए जाने और अनाथालय प्राथमिक शाला का नाम श्री दुर्गा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला किए जाने के बाद संबंधित मतदान केंद्रों के नाम भी अद्यतन किए गए हैं।
धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 4 अनुभागों का पुनर्गठन किया गया है। इससे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए तय करनी पड़ने वाली दूरी लगभग 6 किलोमीटर से घटकर 3 किलोमीटर रह जाएगी। इसके अलावा मतदान केंद्र क्रमांक 231 तरेकेला के एक अनुभाग का नाम बदलकर कुड़ेकेला चोकपारा से तरेकेला चोकपारा किया गया है।
मतदान केंद्रों के इस बदलाव से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी इलाकों के मतदाताओं को भी मतदान के दौरान सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित एवं नजदीकी मतदान केंद्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।











