अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई में एक महिला गिरफ्तार, जंगल में लावारिस मिली शराब के मामले में आरोपियों की तलाश जारी।
रायगढ़। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने तमनार और चक्रधर नगर क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है।
यह कार्रवाई कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
तमनार में महिला के कब्जे से 9 लीटर शराब बरामद
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में टीम ने ग्राम तमनार, थाना तमनार में छापेमारी की। इस दौरान बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग ने आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
रेगड़ा के जंगल में 195 लीटर शराब और 440 किलो लाहन जब्त
इससे पहले 31 अक्टूबर को आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम रेगड़ा के जंगल में छापेमारी की थी। यहां लावारिस हालत में 195 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ। जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत 61 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में लावारिस प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त सामग्री से जुड़े आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
होटल और ढाबों की भी हो रही जांच
आबकारी विभाग की ओर से अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने सभी वृत्त प्रभारियों को नियमित जांच करने और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।











