एक साल में निर्माण पूरा करने के निर्देश, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और सेमिनार हॉल की भी मिलेगी सुविधा; रायगढ़ में 40 करोड़ से बन रहा नालंदा परिसर।
रायगढ़। शासकीय किरोड़ीमल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए 10 करोड़ 78 लाख 80 हजार रुपये की लागत से भवन और प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार शाम प्रस्तावित निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुई।
वित्त मंत्री ने कहा कि महाविद्यालय में लंबे समय से भवन और शैक्षणिक अधोसंरचना के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा।
पुराने और नए भवन में बनेंगी 12 कक्षाएं, 9 प्रयोगशालाएं
निर्माण योजना के तहत महाविद्यालय के पुराने भवन के ऊपर 6 नई कक्षाएं और 3 प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। वहीं नए भवन को भूतल और प्रथम तल के रूप में विकसित किया जाएगा।
भूतल पर एक स्टाफ रूम, दो कक्षाएं, एक पुस्तकालय और चार प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। प्रथम तल पर चार कक्षाओं के साथ एक कंप्यूटर प्रयोगशाला, एक सेमिनार हॉल और दो प्रयोगशालाओं का निर्माण होगा।
इस तरह महाविद्यालय को कुल 12 नई कक्षाएं और 9 प्रयोगशालाएं मिलेंगी। इसके साथ ही पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, सेमिनार हॉल, स्टाफ रूम और स्थायी सांस्कृतिक मंच व डोम की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
एक साल में निर्माण पूरा करने के निर्देश
भूमिपूजन कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने निर्माण एजेंसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरा काम एक वर्ष के भीतर संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह राशि स्वीकृत की गई है, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
नई प्रयोगशालाओं से विद्यार्थियों को प्रायोगिक अध्ययन के बेहतर संसाधन मिलेंगे। कंप्यूटर लैब तकनीकी और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देगी, जबकि सेमिनार हॉल में शैक्षणिक संगोष्ठियों, व्याख्यानों और अन्य अकादमिक गतिविधियों का आयोजन किया जा सकेगा।
UPSC की तैयारी के लिए चयनित विद्यार्थियों को 4 लाख तक सहायता
वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवा योजना के तहत यूपीएससी की तैयारी करने वाले चयनित 200 विद्यार्थियों को कोचिंग शुल्क, दिल्ली में रहने और भोजन के लिए लगभग 3.50 से 4 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है।
इसके अलावा पीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग और व्यापम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए शिखर, उड़ान और मंजिल योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने और लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की अपील की।
40 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा नालंदा परिसर
वित्त मंत्री ने बताया कि रायगढ़ में केलो नदी के किनारे लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का सबसे बड़ा नालंदा परिसर विकसित किया जा रहा है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकालय, करियर मार्गदर्शन, उद्यमिता और स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिले में उद्यानिकी महाविद्यालय, प्रयास विद्यालय, कला एवं संगीत महाविद्यालय, फिजियोथेरेपी कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय और बीपीएड कॉलेज जैसी शैक्षणिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। विधि महाविद्यालय के लिए 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
वार्षिक उत्सव के लिए 50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उदाहरण देते हुए कहा कि सामान्य ग्रामीण परिवार से आने वाला व्यक्ति भी कठिन परिश्रम के बल पर अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है।
उन्होंने प्राध्यापकों और विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ मिलकर महाविद्यालय को प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव के आयोजन के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता देने की घोषणा की।
करमा नृत्य की प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सुरेश गोयल, पंकज कंकरवाल, मुकेश जैन, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।











