रायगढ़। दीपावली का पर्व जरूरतमंद बच्चों के जीवन में भी खुशियां लेकर आए, इसी उद्देश्य से खरसिया पुलिस और हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से ‘दीपावली विथ अपने’ अभियान के तहत विशेष आयोजन किया। बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों को दीपावली किट वितरित की गई। किट में दीये, तेल, बाती, चॉकलेट, पटाखे, बिस्किट, मिठाई सहित अन्य उपहार शामिल थे।
बच्चों के चेहरों पर बिखरी खुशियां
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने मानव सेवा को माधव सेवा मानते हुए जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। आर्थिक परिस्थितियों के कारण त्योहार नहीं मना पाने वाले बच्चों को इस आयोजन के माध्यम से दीपावली मनाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। किसी ने भजन गाया तो किसी ने कविता सुनाई। बच्चों ने संगीत की धुन पर नृत्य भी किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों और संस्था के सदस्यों के साथ बच्चों ने पटाखे फोड़कर दीपावली का उत्सव मनाया।
अधिकारियों ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में खरसिया एसडीएम प्रवीण भगत, एसडीओपी सतीश भार्गव और चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी शामिल हुए। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की समझाइश दी।
एसडीओपी सतीश भार्गव ने बच्चों को पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी। बच्चों ने ‘भारत का बच्चा-बच्चा’ और ‘पाताल चटनी’ भजन पर नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
हेल्पिंग हैंड्स क्लब हर साल करता है आयोजन
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अंकित अग्रवाल, हनुमान अग्रवाल, राजेश घंसू, रतन अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश केशरवानी, महिला विंग खरसिया अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष बबीता गुप्ता, रजनी अग्रवाल, ललिता शर्मा, प्रदेश सदस्य हिमांशु अग्रवाल, संस्कार गोयल, लोकेश गर्ग और निलेश अग्रवाल सहित संस्था के सदस्य एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
संस्था के प्रदेश संरक्षक रमेश अग्रवाल, वूमेन विंग की प्रदेश अध्यक्ष बबीता अग्रवाल और उपाध्यक्ष सुनीता पांडे ने इस आयोजन के लिए खरसिया महिला विंग एवं स्थानीय टीम को बधाई दी।
वूमेन विंग की प्रदेश अध्यक्ष बबीता अग्रवाल ने कहा कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब जरूरतमंद लोगों तक खुशियां पहुंचाने के लिए हमेशा तत्पर है। संस्था रक्तदान, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न त्योहारों पर जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा करने जैसे कार्य करती है। पुलिस विभाग के सामाजिक कार्यक्रमों में भी संस्था लगातार सहयोग करती रहेगी।











