हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से परिवार की जरूरतें कर रहीं पूरी, महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मिल रहा बढ़ावा
नियमित आर्थिक सहायता से परिवार को मिली राहत
रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक सहयोग का माध्यम बन रही है। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि से महिलाएं अपनी और परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी कर रही हैं। रायगढ़ जिले के ग्राम ननसिया की रहने वाली सीमा चौहान के लिए भी यह योजना काफी मददगार साबित हो रही है।
दीपावली से पहले मिली राशि से कराई घर की पुताई
सीमा चौहान ने बताया कि योजना से मिलने वाली नियमित राशि का उपयोग वह घर के जरूरी सामान और बच्चों की आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। दीपावली से पहले खाते में आई सहायता राशि से उन्होंने घर की पुताई कराई। इसके साथ ही बच्चों के लिए मिठाइयां और पूजा-पाठ की सामग्री भी खरीदी। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक मदद से परिवार की जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत मिली है।
मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
सीमा चौहान ने महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करने और अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।
महिलाओं के आत्मसम्मान और स्वावलंबन को मिल रहा बढ़ावा
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस राशि से महिलाएं अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ परिवार के छोटे-बड़े खर्चों में भी योगदान दे पा रही हैं। नियमित आर्थिक सहयोग से उन्हें अपने स्तर पर छोटे आर्थिक निर्णय लेने का अवसर मिल रहा है।
योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए सहयोग प्रदान करना है। सीमा चौहान जैसी लाभार्थियों के अनुभव बताते हैं कि नियमित मिलने वाली छोटी आर्थिक सहायता भी परिवार की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।











