रायगढ़। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों और शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बोईरदादर रायगढ़ द्वारा ग्राम तरकेला में ग्रामीण सूचना केंद्र का आयोजन किया गया। रावे कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों के साथ ग्राम के उपसरपंच ने भी सहभागिता की।
नई कृषि तकनीकों और योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं रावे समन्वयक ने ग्रामीण सूचना केंद्र के उद्देश्य और महत्व के बारे में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे नए अनुसंधानों, आधुनिक तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए बताया गया कि आधुनिक कृषि पद्धतियों के उपयोग से खेती को अधिक उन्नत और लाभकारी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि से संबंधित कई उपयोगी जानकारियां भी दी गईं।
कृषि महाविद्यालय के अधिकारी और प्राध्यापक रहे मौजूद
अवसर पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के डीन ए.के. सिंह, रावे कार्यक्रम समन्वयक बृजेश पटेल, पादप रोग विज्ञान विभाग के प्राध्यापक के.एन. खोसले तथा मृदा विज्ञान विभाग के प्राध्यापक जी.आर. राठिया उपस्थित रहे।











