अमेरिका। अमेरिका के कोलोराडो राज्य के लेकवुड शहर में गुरुवार शाम पुलिस और एक संदिग्ध हमलावर के बीच भीषण गोलीबारी हो गई। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बस के पास पहुंचते ही पुलिस पर बरसाईं गोलियां
पुलिस प्रवक्ता जॉन रोमेरो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि लेकवुड पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति की सूचना मिली थी, जो सार्वजनिक बस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। आशंका जताई गई थी कि वह उसी दिन हुई एक हिट एंड रन की घटना में शामिल हो सकता है।
गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे पुलिस टीम संदिग्ध को पकड़ने के लिए बस के पास पहुंची। इसी दौरान संदिग्ध ने अचानक पुलिस अधिकारियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें संदिग्ध मौके पर मारा गया।
गोलीबारी में तीन पुलिस अधिकारी घायल
इस मुठभेड़ में तीन अन्य पुलिस अधिकारी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हालांकि, उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर पुलिस ने कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की खबर है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह गोलीबारी की चपेट में आया या भगदड़ के दौरान उसे चोट लगी।
मृत पुलिस अधिकारी, घायल जवानों और मारे गए संदिग्ध की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
घटनास्थल की घेराबंदी, नागरिकों को दूर रहने की सलाह
गोलीबारी के बाद लेकवुड पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके को सील कर दिया है। आम नागरिकों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गोलीबारी से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
रीजनल ट्रांसपोर्टेशन डिस्ट्रिक्ट ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। वहीं, कोलोराडो स्टेट पेट्रोल ने मृत पुलिस अधिकारी के प्रति शोक व्यक्त किया और घायल अधिकारियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।











