रायगढ़ के ग्राम बांसाझार में तकनीकी खराबी से बंद पड़े थे दो सोलर पंप, क्रेडा की टीम ने मरम्मत कर दोबारा किया चालू; किसानों ने जताया आभार।
रायगढ़। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत के बाद ग्राम बांसाझार में खराब पड़े दो सोलर पंपों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू करा दिया गया है। इससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए फिर से सिंचाई की सुविधा मिलने लगी है। दोनों पंप तकनीकी खराबी के कारण लंबे समय से बंद पड़े थे।
शिकायत मिलते ही क्रेडा ने शुरू की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, ग्राम बांसाझार निवासी परमानंद पटेल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके और श्रीमती सद्भामा के खेत में स्थापित सोलर पंप तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद क्रेडा के जिला एवं जोनल कार्यालय रायगढ़ ने तत्काल संज्ञान लिया। विभाग ने संबंधित स्थापना एजेंसी से समन्वय कर तकनीकी दल को मौके पर भेजा।
तकनीकी खराबी दूर कर दोनों पंप किए चालू
क्रेडा के जिला प्रभारी विक्रम वर्मा ने बताया कि तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों सोलर पंपों की जांच की और उनमें आई खराबी को दूर किया। मरम्मत के बाद दोनों पंपों को दोबारा चालू कर दिया गया है। वर्तमान में वे सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं, जिससे किसानों को सिंचाई में सुविधा मिल रही है।
समाधान मिलने पर किसानों ने जताया आभार
समस्या का निराकरण होने पर दोनों हितग्राहियों ने संतुष्टि जताई और त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।











