छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं पर जोर दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, बेहतर सुविधाएं और आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की है। सरकार इसी दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री रविवार को रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी।
छह टीमों ने लिया हिस्सा, ओलंपिक खिलाड़ियों की रही भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर दिया है।
प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने हिस्सा लिया। लीग की खास बात यह रही कि प्रत्येक टीम में एक ओलंपिक खिलाड़ी को शामिल किया गया। इससे युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिला।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ से युवाओं को जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहा है। प्रतियोगिता का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया। हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री ने आयोजन को प्रदेश की स्थानीय पहचान से भी जोड़ा।
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से तलाशेंगे नई प्रतिभाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है। इसके माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी भी खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे।
केंद्रीय खेल मंत्री ने हॉकी लीग को बताया देश के लिए रोल मॉडल
कार्यक्रम में केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सराहना करते हुए इसे देश के लिए रोल मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि हॉकी भारत की गौरवशाली खेल परंपरा का हिस्सा है। मेजर ध्यानचंद की उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं। डॉ. मांडविया ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का विस्तार होगा और यह प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मजबूत मंच बनेगी।
समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लीग के एंबेसडर सरदार सिंह सहित जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।











