रायगढ़। सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के सम्मान और गरिमा के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। कार सवार युवती पर अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी ने होटल ट्रिनिटी के पास मुख्य मार्ग पर युवती की ओर इशारा करते हुए अभद्र टिप्पणी की थी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और ऑटो के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जाम के दौरान कार के पास पहुंचकर की अभद्र टिप्पणी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को 22 वर्षीय युवती अपने पति के साथ पूंजीपथरा से परीक्षा देने रायगढ़ आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम करीब 4:50 बजे दोनों कार से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान होटल ट्रिनिटी के पास मुख्य मार्ग पर जाम होने के कारण उन्होंने अपनी कार रोक दी और शीशा नीचे किया। आरोप है कि तभी ऑटो क्रमांक CG 13 BC 8268 का चालक उनके वाहन के पास पहुंचा और युवती की ओर इशारा करते हुए अशोभनीय टिप्पणी करने लगा। इस व्यवहार से युवती के सम्मान को ठेस पहुंची।
शिकायत पर दर्ज हुआ अपराध, ऑटो नंबर से हुई आरोपी की पहचान
घटना के बाद युवती ने थाना कोतवाली में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 79 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान ऑटो के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान उमाशंकर साहू पिता टीकम साहू, उम्र 37 वर्ष, निवासी राजीव नगर कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की।
महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी, अशोभनीय व्यवहार और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।











