‘एक दीप साक्षरता का’ अभियान के तहत शाम 6:30 से 7:30 बजे तक होगा दीप प्रज्ज्वलन, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को दिए निर्देश।
रायगढ़। दीपावली के पर्व को शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य के तहत उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत दीपावली की पूर्व संध्या पर ‘एक दीप साक्षरता का’ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए निरक्षर वयस्कों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ ली जाएगी साक्षरता की शपथ
अभियान के तहत दीपावली से एक दिन पहले शाम 6:30 बजे से 7:30 बजे तक जिले के शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों और उल्लास साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान दीप जलाकर साक्षरता का संदेश दिया जाएगा और उपस्थित लोग शिक्षा के प्रसार की शपथ लेंगे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष मयंक चतुर्वेदी ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
गांवों और वार्डों तक पहुंचाया जाएगा अभियान
विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के माध्यम से गणमान्य नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे दीपावली पर एक दीप साक्षरता के नाम जलाएं और अपने आसपास के निरक्षर वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें।
विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा बीआरसी, एबीओ, संकुल समन्वयकों, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा ग्राम और वार्ड प्रभारियों के साथ यू-ट्यूब के माध्यम से वेबिनार भी आयोजित किए जाएंगे। शिक्षक और स्वयंसेवक गांव-गांव तथा वार्ड-वार्ड तक अभियान का संदेश पहुंचाएंगे।
उल्लास एप से जुड़ेंगे स्वयंसेवी शिक्षक और असाक्षर व्यक्ति
संकुल समन्वयकों, ग्राम प्रभारियों और वार्ड प्रभारियों के माध्यम से उल्लास एप पर पंजीकृत स्वयंसेवी शिक्षकों एवं निरक्षर व्यक्तियों को अभियान से जोड़ा जाएगा। स्वयंसेवी शिक्षक लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ निरक्षर वयस्कों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करेंगे।
सोशल मीडिया पर भी होगा प्रचार-प्रसार
जिले में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #ULLASDipawali और #SaksharChhattisgarh हैशटैग के साथ साझा किए जाएंगे। समाचार पत्रों के माध्यम से भी अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
संबंधित अधिकारियों को विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम आयोजित करने और गतिविधियों की जानकारी फोटोग्राफ्स सहित जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के जरिए दीपावली के अवसर पर जिले के नागरिकों को साक्षरता के प्रयासों से जोड़ने और शत-प्रतिशत साक्षरता के लक्ष्य की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने की पहल की जाएगी।











