हैंडवॉश, हर्बल साबुन, हेयर ऑयल और अचार के स्टॉल बने आकर्षण; महिलाओं ने अपने घरेलू हुनर को रोजगार और आमदनी से जोड़ने की दिखाई पहल।
रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 महिलाओं के हुनर और उद्यमिता को प्रदर्शित करने का मंच बना। जिला मुख्यालय स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित एक दिवसीय समारोह में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉल लगाए। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्पादों का प्रदर्शन करने के साथ उनकी बिक्री भी की।
घरेलू उत्पादों के जरिए बना रहीं अपनी पहचान
रायगढ़ के मां भवानी महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी संगीता यादव घरेलू स्तर पर विभिन्न उत्पाद तैयार कर अपनी पहचान बना रही हैं। वे हैंडवॉश, फ्लोर क्लीनर, फिनाइल, हर्बल साबुन और हेयर ऑयल बनाती हैं। इसके अलावा करेला, मिर्च और लहसुन सहित कई तरह के अचार और खाद्य सामग्री भी तैयार करती हैं।
राज्योत्सव में उन्होंने अपने इन उत्पादों का स्टॉल लगाया, जहां लोगों को घरेलू उपयोग की सामग्री देखने और खरीदने का अवसर मिला। उनके उत्पादों के माध्यम से महिलाओं के घरेलू हुनर को छोटे उद्यम के रूप में आगे बढ़ाने की पहल भी सामने आई।
राज्योत्सव से मिला उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का अवसर
स्व-सहायता समूह से जुड़ी अंकिता भारती ने बताया कि राज्योत्सव में स्टॉल लगाने का अवसर मिलने से उन्हें अपने हाथों से तैयार सामग्री को प्रदर्शित करने और बेचने का मौका मिला है। यह उनके लिए अपने काम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का अच्छा मंच है।
अंकिता भारती और संगीता यादव ने महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासन से मिलने वाला प्रोत्साहन और राज्योत्सव जैसे आयोजन महिलाओं को अपने हुनर की पहचान बनाने तथा उसे रोजगार में बदलने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।
बिहान और महतारी वंदन योजना से महिलाओं को प्रोत्साहन
राज्य शासन की ओर से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए बिहान योजना और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।











