तीन गांवों में पुलिस की दबिश, 56 लीटर महुआ शराब जब्त; जब्त शराब की अनुमानित कीमत 11,200 रुपये।
रायगढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत घरघोड़ा और तमनार पुलिस ने अलग-अलग गांवों में दबिश देकर अवैध महुआ शराब बिक्री के तीन मामलों में दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 56 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 11,200 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने यह कार्रवाई 2 नवंबर 2026 को की। घरघोड़ा क्षेत्र में दो स्थानों से 44 लीटर और तमनार क्षेत्र के ग्राम बुडिया से 12 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
घरघोड़ा में दो स्थानों पर छापेमारी, 44 लीटर शराब जब्त
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम गोहड़ीडीपा, बैहामुड़ा, कंचनपुर, बहिरकेला और आमापाली क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान अवैध शराब बिक्री की सूचना पर ग्राम आमापाली में पहली कार्रवाई की गई।
पुलिस ने डिलेश्वर राठिया (30 वर्ष), पिता कुमार राठिया, निवासी आमापाली को उसके घर के पास पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्टील ड्रम और 10 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक बाल्टी में रखी कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 6,000 रुपये बताई गई है।
इसी क्रम में ग्राम बैहामुड़ा में पुलिस ने घेराबंदी कर सूरज चौहान (32 वर्ष), पिता मंगल सिंह चौहान, निवासी बैहामुड़ा को पकड़ा। उसके कब्जे से प्लास्टिक बोतलों और जरकिन में रखी 14 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 2,800 रुपये है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
तमनार के ग्राम बुडिया में महिला के घर दबिश
इधर, तमनार पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बुडिया में एक महिला अपने घर की बाड़ी में कच्ची महुआ शराब छिपाकर बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने वहां मीना सबर (38 वर्ष), पति लव सबर, निवासी ग्राम बुडिया को पकड़ा। तलाशी के दौरान घर के पास कोला की बाड़ी के झुरमुट में छिपाकर रखी गई 12 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये है। महिला के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील की
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और भंडारण सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने के साथ अन्य अपराधों को भी बढ़ावा देता है। रायगढ़ पुलिस जिले में इस तरह के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।











