जगदलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम की छत पर एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है, जो इसी शोरूम में काम करती थी। परिजनों ने युवती के शरीर और हाथों पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। वहीं, जिस व्यावसायिक परिसर में शव मिला है, वह पूर्व भाजपा विधायक संतोष बाफना से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
21 अक्टूबर को शुरू की थी शोरूम में नौकरी
जानकारी के अनुसार, दीपा सागर ने 21 अक्टूबर को शोरूम में काम करना शुरू किया था। घटना वाले दिन शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उसकी परिवार के सदस्यों से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने बाद में बात करने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उसका संपर्क नहीं हो सका।
रात करीब 9:30 बजे तक दीपा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने शोरूम के कर्मचारियों से संपर्क किया। कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही है और उसका मोबाइल फोन शोरूम में ही छूट गया है।
इसके बाद कर्मचारी उसका मोबाइल लेकर घर पहुंचे। परिजन उसकी तलाश में बाफना हाउस भी गए, लेकिन वहां प्रतिष्ठान बंद मिला। अगले दिन सुबह दोबारा पहुंचने पर शोरूम की छत पर दीपा का शव मिलने की जानकारी सामने आई।
शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने उठाए सवाल
परिजनों का दावा है कि दीपा के हाथों और शरीर पर चोट तथा नाखून जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। इसी आधार पर उन्होंने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।
परिजनों ने यह भी सवाल उठाया है कि शाम से लापता युवती के संबंध में समय रहते स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने में देरी क्यों हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने की जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा शोरूम के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है। घटनास्थल से कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी दी गई है। हालांकि, पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जांच किए जाने की बात कही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल मामले में परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आई आत्महत्या की संभावना के बीच मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल के बाद ही युवती की मौत से जुड़े घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी।











