रायगढ़। शहर के काशीराम चौक सिग्नल के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार एक बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल बुजुर्ग की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरा बुजुर्ग, गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया
जानकारी के अनुसार, छातामुड़ा बाईपास से ओडिशा रोड की ओर जा रहे एक ट्रक ने काशीराम चौक सिग्नल के पास स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर खून फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की कोशिश की।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित ओडिशा रोड की तरफ तेजी से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जूटमिल पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, सड़क पर फैले खून को पानी से साफ करवाया गया।
फिलहाल पुलिस घायल की पहचान करने और फरार ट्रक का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











