रायगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर पुराने धान की बिक्री और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 146 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया है। जिले में अब तक विभिन्न मामलों में कुल 2528 क्विंटल धान की जब्ती की जा चुकी है।
कसडोल में दुकान सह गोदाम से 140 क्विंटल धान जब्त
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व घरघोड़ा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने ग्राम कसडोल, तमनार में युधिष्ठिर साहू के दुकान सह गोदाम की जांच की। इस दौरान वहां अवैध रूप से भंडारित 350 बोरी धान मिला, जिसका कुल वजन 140 क्विंटल पाया गया। टीम ने छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।
समिति में बिक्री के लिए लाया गया पुराना धान पकड़ा
दूसरी कार्रवाई सेवा सहकारी समिति लिप्ती में की गई। यहां ग्राम गोलाबुड़ा निवासी कृषक जितेंद्र खुंटिया 113 बोरी धान बिक्री के लिए लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान इनमें से 17 बोरी धान ग्रीष्मकालीन यानी पुराना पाया गया। निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होने के कारण इस धान को खरीदी के लिए स्वीकार नहीं किया गया।
पंचनामा बनाकर 17 बोरी धान किया गया जब्त
मामले में समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी और मौके पर मौजूद किसानों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद उप संचालक कृषि ने 17 बोरी धान जब्त कर उसे सेवा सहकारी समिति लिप्ती में सुरक्षित रखवा दिया।
जिले में अब तक 2528 क्विंटल धान की जब्ती
प्रशासन के अनुसार, जिले में अलग-अलग प्रकरणों में अब तक कुल 2528 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। इन मामलों में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए खरीदी केंद्रों और भंडारण स्थलों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि अवैध भंडारण और पुराने धान की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।











