
शशिकांत बंजारा
झलरौदा। ग्राम पंचायत झलरौदा में ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से लगातार दूसरे वर्ष पांच दिवसीय गौरा-गौरी पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में पूरे गांव के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पूजा के दौरान तेज बारिश होने के बावजूद ग्रामीणों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बारिश के बीच भी श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना में जुटे रहे। इस दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गौरा-गौरी की पूजा संपन्न कराई गई।
आयोजन के विशेष अवसर पर पारंपरिक बाजे-गाजे के साथ गौरा-गौरी की भव्य बारात निकाली गई। बारात में ग्रामीणों ने नाचते-गाते हुए हिस्सा लिया। पूरे गांव में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि गौरा-गौरी पूजा छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस आयोजन के माध्यम से गांव की पुरानी परंपराओं, संस्कृति और रीति-रिवाजों को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन का समापन भक्तिमय वातावरण और आपसी भाईचारे के साथ हुआ। ग्रामीणों की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि सच्ची श्रद्धा और आस्था के सामने तेज बारिश भी बाधा नहीं बन सकती।











