कापू पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत की कार्रवाई, पटवारी और गवाह के बाद अब जमीन बेचने वाला आरोपी भी पहुंचा जेल
शासकीय भूमि की अवैध बिक्री का मामला
रायगढ़। जिले में शासकीय भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए निजी नाम पर दर्ज कराकर बेचने के मामले में कापू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस ने मामले के एक और आरोपी भूमि विक्रेता उजीतराम (52 वर्ष), निवासी ग्राम रायमेर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले पुलिस तत्कालीन पटवारी और रजिस्ट्री में गवाह की भूमिका निभाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।
राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर तैयार किए फर्जी दस्तावेज
मामले की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई, जब तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल ने थाना कापू में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के खसरा नंबर 479/2, 467/36, 467/25, 467/23, 310/10/ख और 310/10/2 सहित अन्य जमीनों के रिकॉर्ड में कथित तौर पर कूटरचना की गई थी। खसरा बंटाकन और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर बाहरी व्यक्तियों के नाम फर्जी पट्टे तैयार किए गए। इसके बाद दलालों के माध्यम से जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।
पटवारी समेत पांच आरोपियों पर दर्ज हुआ था अपराध
जांच में सामने आया कि तत्कालीन पटवारी राकेश साय ने शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किया था। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन का दूसरे व्यक्तियों के पक्ष में अंतरण किया गया। मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, भूमि विक्रेता उजीतराम, अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो और लालबहादुर यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 131/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) भादवि में मामला दर्ज किया गया।
पहले पटवारी और गवाह को किया जा चुका है गिरफ्तार
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने 2 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर तत्कालीन पटवारी राकेश साय (45 वर्ष), निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़ को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए थे। इसके बाद मामले में फरार आरोपी अगस्तुस खलखो (43 वर्ष), निवासी पोराडाही को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने रजिस्ट्री दस्तावेजों में अनुप्रमाणक साक्षी के रूप में हस्ताक्षर करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर कैलाश जेठवानी उर्फ सोनी से बातचीत में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
गांव में मौजूद मिला आरोपी, पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
22 नवंबर को थाना प्रभारी धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि मामले का आरोपी उजीतराम अपने गांव रायमेर में मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज की गई थी। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन का दूसरे व्यक्ति के पक्ष में अंतरण किया गया।
मुक्तारनामा देकर कराई थी जमीन की बिक्री
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उजीतराम ने उक्त भूमि की बिक्री के लिए कैलाश जेठवानी को मुक्तारनामा दिया था और उसी के माध्यम से जमीन की बिक्री कराई गई थी। विवेचना में अपराध में उसकी संलिप्तता से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 22 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले के शेष फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कापू पुलिस की कार्रवाई जारी है।











