रायगढ़। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में जनदर्शन का आयोजन किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
श्रमिक सियान सहायता योजना का लाभ दिलाने की मांग
जनदर्शन में ग्राम बाजीनपाली निवासी सावित्री पटेल ने मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने योजना के तहत पात्रतानुसार सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
किसान पोर्टल में रकबा शून्य दिखने की शिकायत
ग्राम जोबी निवासी जगदीश प्रसाद राठिया ने बताया कि किसान पोर्टल पर उनका कुल कृषि रकबा और धान का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है। वहीं एग्रीस्टेक पोर्टल में व्यक्तिगत जानकारी से जुड़ी समस्या के कारण धान पंजीयन कराने में परेशानी हो रही है। उन्होंने पोर्टल में आवश्यक सुधार कराने की मांग की।
धान खरीदी पोर्टल में गलत दर्ज खसरा नंबर सुधारने की मांग
ग्राम दर्रीडीह निवासी रतन कुमार गुप्ता ने धान खरीदी पोर्टल में खसरा नंबर और कृषि रकबा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज होने की शिकायत की। उन्होंने रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार कराने के लिए आवेदन सौंपा।
बैंक पासबुक और ऋण पुस्तिका में सुधार के आवेदन
मधुबनपारा रायगढ़ निवासी असगर खान ने असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत नामिनी की बैंक पासबुक में आईएफएससी कोड सुधारने की मांग की। वहीं ग्राम साल्हेपाली निवासी टीकाराम पटेल ने अपनी ऋण पुस्तिका में नाम सुधार कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
अधिकारियों को जांच कर राहत पहुंचाने के निर्देश
जनदर्शन में अन्य नागरिकों ने भी अपनी विभिन्न मांगों, समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और आवेदकों को समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











