ग्राहक तलाशते समय मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश, एक माह पहले सब्जी विक्रेता के घर के सामने से चोरी हुई थी बाइक
खरसिया। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
घर के सामने से चोरी हुई थी बाइक
मामले में प्रार्थी लक्ष्मी नारायण साहू (44 वर्ष), निवासी रायगढ़ रोड, एमजी कॉलेज के सामने खरसिया ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने घर के सामने सब्जी की दुकान लगाता है। 24 अक्टूबर 2026 को उसने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 UC 5424 घर के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था। शिकायत पर चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 553/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
बाइक बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में पुलिस चोरी की बाइक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घघरा के दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूली चोरी, बाइक बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 UC 5424 बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेश कुमार उर्फ गीतेश निषाद (22 वर्ष), पिता कृष्ण कुमार निषाद और आदित्य चौबे (21 वर्ष), पिता रोशन चौबे, दोनों निवासी ग्राम घघरा, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चन्द्रा, गोविंद बनर्जी एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











