हत्या के मामले में काट रहे थे उम्रकैद की सजा, 20 जनवरी 2018 को हाईकोर्ट ने किया था दोषमुक्त; रिहाई का आदेश जेल प्रशासन तक नहीं पहुंचने से जारी रही कैद
छत्तीसगढ़ में सरकारी सिस्टम की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे देवीलाल गोंड को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 20 जनवरी 2018 को ही बरी कर दिया था, लेकिन अदालत के आदेश के बावजूद उनकी रिहाई नहीं हो सकी। जेल प्रशासन तक रिहाई का आदेश नहीं पहुंचने के कारण उन्हें करीब सात साल तक अतिरिक्त जेल में रहना पड़ा। आखिरकार 19 मई 2025 को उन्हें रिहा किया गया। अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में छत्तीसगढ़ सरकार को देवीलाल गोंड को 30 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है।
हत्या के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
पूरा मामला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के हांडीटोला गांव का है। यहां के निवासी देवीलाल गोंड को 7 दिसंबर 2012 को हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2013 में सेशन कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद देवीलाल ने फैसले को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
2018 में हाईकोर्ट ने किया था दोषमुक्त
मामले की सुनवाई के बाद 20 जनवरी 2018 को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने देवीलाल गोंड को दोषमुक्त कर दिया था। इस फैसले के बाद उन्हें तत्काल जेल से रिहा किया जाना चाहिए था, लेकिन रिहाई का आदेश जेल प्रशासन तक नहीं पहुंचा। इसके चलते अदालत से बरी होने के बावजूद उनकी कैद जारी रही।
2025 में हुई रिहाई, अब मिलेगा 30 लाख मुआवजा
हैरानी की बात यह है कि हाईकोर्ट से दोषमुक्त होने के करीब सात साल बाद 19 मई 2025 को देवीलाल गोंड को जेल से रिहा किया गया। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार को उन्हें 30 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है।











