राजनांदगांव में दो आरोपी गिरफ्तार, कर्ज चुकाने के लिए बनाई थी चोरी की योजना; वारदात में इस्तेमाल कार भी पुलिस ने की जब्त
राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग की लत और उससे हुए कर्ज ने एक युवक को अपराध की राह पर धकेल दिया। ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये का कर्ज होने के बाद उसे चुकाने के लिए युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से करीब 8.5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और चोरी में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है।
सूने मकान को बनाया निशाना
पूरा मामला पुलिस चौकी मोहारा अंतर्गत ग्राम ठाकुरटोला का है। गांव के निवासी दीपक वर्मा के सूने मकान में चोरी हुई थी। दीपक वर्मा के गांव से बाहर जाने के दौरान आरोपियों ने उनके घर को निशाना बनाया और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
10 लाख के कर्ज ने रची चोरी की साजिश
जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही सुरेंद्र साहू और गणेश्वर नेताम पर संदेह हुआ। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। पूछताछ में पता चला कि सुरेंद्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी और इस वजह से उस पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।
पहले की रेकी, फिर दिया वारदात को अंजाम
दोनों आरोपियों ने चोरी से पहले दीपक वर्मा के मकान की रेकी की थी। उन्हें पता था कि मकान मालिक गांव से बाहर जाने वाले हैं। उनके घर से निकलते ही दोनों ने सूने मकान में चोरी कर ली।
8.5 लाख के जेवर और कार बरामद
उप पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8.5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।











