कार्तिक मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, रोजाना 1 से 1.25 लाख भक्त कर रहे दर्शन; राम मंदिर ट्रस्ट ने एडवांस बुकिंग की अवधि बढ़ाई
2 दिसंबर तक ऑनलाइन पास की बुकिंग फुल
अयोध्या में कार्तिक मेले के दौरान रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बढ़ती भीड़ के बीच राम मंदिर में ऑनलाइन वीआईपी दर्शन और आरती के पास 2 दिसंबर तक पूरी तरह फुल हो चुके हैं। श्रद्धालुओं को अब आगे की तारीखों में पास उपलब्ध होने का इंतजार करना पड़ रहा है।
रोजाना पहुंच रहे एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु
रामनगरी में भक्तों की भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्तिक मेले के दौरान प्रतिदिन करीब एक से सवा लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में भक्त निर्धारित समय पर सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन वीआईपी पास बुक करा रहे हैं। इसके चलते पास की मांग लगातार बढ़ रही है।
रोजाना जारी होते हैं 3500 ऑनलाइन पास
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से प्रतिदिन करीब 3500 ऑनलाइन पास जारी किए जाते हैं। इसके लिए सात स्लॉट निर्धारित हैं और प्रत्येक स्लॉट में 500 पास उपलब्ध कराए जाते हैं। श्रद्धालुओं की संख्या के मुकाबले पास सीमित होने के कारण बुकिंग जल्द ही फुल हो जा रही है।
अब 90 दिन पहले तक करा सकेंगे एडवांस बुकिंग
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन दर्शन और आरती पास की एडवांस बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया है। पहले अधिकतम 15 दिन पहले तक ही पास बुक कराने की सुविधा थी, जिसे अब बढ़ाकर 30, 60 और 90 दिन पहले तक कर दिया गया है।
दूर-दराज के श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
बुकिंग की अवधि बढ़ने से दूसरे राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से अयोध्या आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकेंगे। इससे रामलला के दर्शन और आरती में शामिल होने के लिए पास बुक कराने में सुविधा मिलेगी। हालांकि, धार्मिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के चलते ऑनलाइन पास की मांग अभी भी अधिक बनी हुई है।











