भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मंडी के शोधकर्ताओं ने पेट के संक्रमण को लेकर एक महत्वपूर्ण खुलासा किया है। शोध में सामने आया है कि हेलिकोबैक्टर पाइलोरी (H. pylori) नामक खतरनाक बैक्टीरिया से लड़ने के दौरान शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली की रक्षा कोशिकाएं अनजाने में पेट की स्वस्थ कोशिकाओं को भी नुकसान पहुंचाती हैं। इससे पेट की कोशिकाओं के नष्ट होने और संक्रमण से जुड़ी जटिलताएं बढ़ने का खतरा रहता है।
संक्रमण के दौरान सूक्ष्म पैकेट छोड़ती हैं रक्षा कोशिकाएं
IIT मंडी के प्रोफेसर डॉ. अमित प्रसाद और उनकी टीम का यह शोध अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका Journal of Extracellular Vesicles में प्रकाशित हुआ है। इस अध्ययन में आनंद कुमार केशरी, सूरज सिंह रावत, दुर्गानंद ठाकुर, स्वाति शर्मा, पारुल मेहरा, अनुभा चौधरी और अनन्या कपूर भी शामिल रहे।
शोध के अनुसार, जब पेट में H. pylori बैक्टीरिया का संक्रमण होता है, तब उससे मुकाबला करने के लिए श्वेत रक्त कोशिकाएं सक्रिय हो जाती हैं। इनमें न्यूट्रोफिल्स प्रमुख भूमिका निभाते हैं। ये कोशिकाएं बेहद सूक्ष्म बुलबुले जैसे पैकेट छोड़ती हैं, जिन्हें एक्स्ट्रासेलुलर वेसिकल्स (EVs) कहा जाता है।
ये पैकेट कोशिकाओं के बीच संदेश और जरूरी तत्व पहुंचाने का काम करते हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि संक्रमण के दौरान इन पैकेटों के आकार और संख्या में बदलाव होता है। साथ ही इनमें LL-37 नामक प्राकृतिक रोगाणुरोधी तत्व की मात्रा भी काफी बढ़ जाती है।
LL-37 पेट की स्वस्थ कोशिकाओं को पहुंचाता है नुकसान
शोध में सामने आया कि LL-37 सामान्य रूप से हानिकारक रोगाणुओं को नष्ट करने में मदद करता है, लेकिन संक्रमण के दौरान यही तत्व पेट की स्वस्थ कोशिकाओं के लिए नुकसानदायक बन सकता है।
जब LL-37 से भरे सूक्ष्म पैकेट पेट की कोशिकाओं तक पहुंचते हैं, तो उनमें तनाव पैदा होता है। इससे कोशिकाओं के ऊर्जा केंद्र माइटोकॉन्ड्रिया की कार्यप्रणाली प्रभावित होती है और अंततः स्वस्थ कोशिकाएं नष्ट होने लगती हैं।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, इन सूक्ष्म पैकेटों के भीतर बंद रहने के कारण LL-37 शरीर के अन्य एंजाइमों से सुरक्षित रहता है और सीधे पेट की अंदरूनी परत को प्रभावित कर सकता है। अध्ययन में H. pylori से संक्रमित मरीजों के रक्त में भी LL-37 का स्तर बढ़ा हुआ पाया गया।
पेट के अल्सर के इलाज में मिल सकती है नई दिशा
प्रोफेसर अमित प्रसाद के अनुसार, इस शोध से स्पष्ट होता है कि किसी बीमारी को समझने के लिए केवल संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया की भूमिका जानना पर्याप्त नहीं है। यह समझना भी जरूरी है कि संक्रमण से लड़ते समय शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली किस तरह प्रतिक्रिया करती है।
शोध के निष्कर्ष भविष्य में पेट के अल्सर और संक्रमण के कारण होने वाले नुकसान को रोकने के लिए नई दवाओं के विकास में मददगार हो सकते हैं। इसके साथ ही बीमारी की शुरुआती पहचान के लिए भी नए रास्ते खुलने की संभावना है।











