बिलासपुर संभाग
बिलासपुर पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग की जर्जर हालत और लगातार बढ़ती मूलभूत समस्याओं को लेकर शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बुधवार को कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि इस वर्ष हुई भारी बारिश के कारण भवन में जगह-जगह सीपेज होने लगी है। कई कार्यालयों में पानी भरने से शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 1959 में निर्मित यह भवन अब काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। इसलिए इसे डिस्मेंटल कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई कम्पोजिट बिल्डिंग का निर्माण कराया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में भवन की मरम्मत एवं रंगरोगन, पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था, पुरुष एवं महिला कर्मचारियों के लिए नए एवं सुरक्षित शौचालय, नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा नवीन विद्युत लाइन बिछाने जैसी प्रमुख मांगें भी शामिल की गई हैं।
कलेक्टर ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद सितंबर 2026 से आवश्यक कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में सुनील यादव, आर.के. गुप्ता, सूर्यप्रकाश कश्यप, राहुल यादव, देवेंद्र ठाकुर, किशोर शर्मा, जियाली राम सुरक्षित, एच.एन. पुरैना, डी.के. पाटिल, मनीष रात्रे, श्रीमती श्वेता दुबे, मीनू अग्रवाल, मुक्ति मेरी, ममता रायकर, शिवानी मुले, चंद्रेश, अवधेश कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








