नगर सेना कैंप चांदमारी में आयोजित अभ्यास में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और एनसीसी की टीमों ने लिया हिस्सा
रायगढ़, 27 नवंबर 2026। जिले में आपात परिस्थितियों से निपटने और नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर सेना कैंप, चांदमारी में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें नगर सेना, जिला प्रशासन, पुलिस, एनसीसी और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में आगजनी, राहत शिविर और सार्वजनिक स्थानों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आग बुझाने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों का रेस्क्यू करने और उन्हें राहत शिविर तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
12 प्रमुख सेवाओं के जरिए नागरिकों की सुरक्षा पर जोर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि सिविल डिफेंस के अंतर्गत 12 प्रकार की प्रमुख सेवाएं शामिल हैं। इनके माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा, राहत एवं बचाव कार्य किए जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी होती है।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के जरिए यह अभ्यास किया गया कि किसी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को किस तरह सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जाएं।
विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने का प्रयास
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ब्लासियुस कुजूर ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से आपात परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की भूमिका और कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिलती है। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है और जरूरत के समय तेजी से राहत एवं बचाव कार्य करने की क्षमता मजबूत होती है।
मॉक ड्रिल के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











