रायगढ़ में दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित, त्वचा पर दाग-धब्बे और नसों में बदलाव जैसे लक्षणों की पहचान पर दिया गया जोर
रायगढ़, 27 नवंबर 2026। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। 26 और 27 नवंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण में कुष्ठ रोग के लक्षण, जांच, उपचार और दिव्यांगता से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने प्रशिक्षण के दौरान नसों की स्थिति की पहचान और रोग से होने वाली दिव्यांगता को रोकने के उपाय बताए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को छिपे हुए कुष्ठ रोगियों की पहचान करने और उन्हें नियमानुसार एमडीटी दवा का पूरा उपचार दिलाने के निर्देश दिए।
त्वचा पर दाग-धब्बे और नसों में बदलाव हो सकते हैं कुष्ठ रोग के संकेत
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा ने बताया कि त्वचा पर हल्के रंग के दाग-धब्बे, प्रभावित हिस्से में स्पर्श का एहसास कम होना या समाप्त होना, नसों में सूजन अथवा मोटापन और कान में गांठ जैसे लक्षण कुष्ठ रोग के संकेत हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि समय पर जांच और पूरा उपचार लेने से रोग की गंभीर जटिलताओं और दिव्यांगता से बचाव संभव है।
घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश
जिला परिवार कल्याण एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु पटेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को घर-घर जाकर लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करने और संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने के लिए प्रेरित करने को कहा।
प्रशिक्षण में जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा, एनएमए मोहन साहू, दिनेश यादव और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अनीता पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।











