कोयलंगा, लैलूंगा और कापू में संयुक्त टीमों की छापेमारी, किराना दुकान और गोदाम से मिला अवैध धान
रायगढ़, 27 नवंबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले में अलग-अलग स्थानों पर जांच अभियान चलाकर अवैध रूप से भंडारित और परिवहन किए जा रहे धान को जब्त किया गया है।
कोयलंगा में किराना दुकान से 11 क्विंटल धान जब्त
26 नवंबर को रायगढ़ तहसील के ग्राम कोयलंगा में मंडी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आयुष किराना स्टोर की जांच की। इस दौरान दुकान में अवैध रूप से भंडारित 26 कट्टा धान मिला, जिसकी मात्रा 11 क्विंटल थी। टीम ने मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त कर लिया।
लैलूंगा में पिकअप से ले जा रहे 70 बोरी धान जब्त
27 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशन में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लैलूंगा में कार्रवाई की। इस दौरान सुरंगपानी निवासी शंकर यादव द्वारा पिकअप वाहन से टीएसएस लैलूंगा में बिक्री के लिए लाए जा रहे 70 बोरी धान को जब्त किया गया।
कापू में गोदाम से 180 क्विंटल अवैध धान बरामद
धरमजयगढ़ विकासखंड के कापू में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्ता किराना के गोदाम की जांच की। यहां से 180 क्विंटल अवैध धान जब्त करने की कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन द्वारा धान के अवैध भंडारण, परिवहन और अनियमित खरीदी-बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











