अनुसूचित जाति उप योजना के तहत बरमकेला के बड़े अमकोनी गांव में बीज वितरण, किसानों को उन्नत खेती की तकनीक भी बताई गई
रायगढ़, 27 नवंबर 2026। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें मसाला फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बोईरदादर रायगढ़ द्वारा धनिया के आधार बीज का वितरण किया गया। अखिल भारतीय समन्वित मसाला अनुसंधान परियोजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति उप योजना के तहत विकासखंड बरमकेला के ग्राम बड़े अमकोनी में आयोजित कार्यक्रम में 24 किसानों को बीज प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में प्रत्येक किसान को 5 किलोग्राम की दर से धनिया का आधार बीज वितरित किया गया। इस दौरान कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के अधिष्ठाता एवं परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. ए.के. सिंह ने किसानों को धनिया की उन्नत खेती, फसल उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीक और बेहतर पैदावार के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर खेती करने के लिए प्रेरित किया।
मसाला फसलों की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय
कार्यक्रम में ग्रामीण उद्यान अधीक्षक हीरालाल देवांगन, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी विनय कुमार पटेल और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मनोज कुमार ने किसानों को मसाला फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि पारंपरिक फसलों के साथ मसाला फसलों की खेती अपनाकर किसान अपनी आय में अतिरिक्त वृद्धि कर सकते हैं।











