छात्रवृत्ति वर्ष 2026-27 के लिए संस्था और पाठ्यक्रम बदलने की सुविधा, विभागीय पोर्टल पर करना होगा ऑनलाइन आवेदन
एससी, एसटी और ओबीसी विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना
रायगढ़। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2026-27 के तहत आवेदन में संशोधन और परिवर्तन का अवसर दिया गया है। इसके लिए विद्यार्थी 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
संस्था और पाठ्यक्रम परिवर्तन की मिलेगी सुविधा
इस प्रक्रिया के तहत विद्यार्थी संस्था परिवर्तन, पाठ्यक्रम परिवर्तन, संस्था एवं पाठ्यक्रम दोनों में बदलाव और पाठ्यक्रम के वर्ष में परिवर्तन के लिए ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेज सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को विभागीय पोर्टल पर अपनी छात्रवृत्ति आईडी से लॉगिन करना होगा।
पोर्टल पर आवेदन के बाद संस्था को देना होगा आवेदन
विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट https://postmatric-scholarship.cg.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेजने के बाद विद्यार्थियों को अपनी अध्ययनरत संस्था को इसकी जानकारी देना अनिवार्य होगा।
दस्तावेजों के साथ छात्रवृत्ति शाखा में जमा करें आवेदन
संस्था द्वारा आवेदन की प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कलेक्टोरेट स्थित सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके लिए प्रथम तल पर कक्ष क्रमांक 87 में संचालित छात्रवृत्ति शाखा में कार्यालयीन समय के दौरान आवेदन जमा करने की व्यवस्था की गई है।











