
बिलासपुर। चौकी बेलगहना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, ग्राम परसापानी निवासी प्यारेलाल कुजूर ने 15 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई की रात ग्राम सक्तिबहरा से उनकी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 X 2791) अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर चौकी बेलगहना थाना कोटा में धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल सक्तिबहरा गांव में छिपाकर रखी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और सूरज साकत (30 वर्ष) तथा रामगोपाल मरकाम (29 वर्ष), दोनों निवासी सक्तिबहरा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी सूरज साकत के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को 31 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इस कार्रवाई में उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर, आरक्षक ईश्वर नेताम, धीरज जायसवाल तथा बेलगहना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








