
बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में छापेमारी की। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टेबलेट के 4750 नग जब्त किए हैं। जब्त नशीली दवाओं का कुल वजन 2495.64 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया (60), उसके पुत्र मुकेश कुमार लोनिया (30) और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा (20) को नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के लिए गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास दवाओं को रखने या बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज अथवा डॉक्टर की पर्ची नहीं मिली।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ACCU बिलासपुर और थाना सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार आरोपी दूसरे राज्यों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं लाकर बिक्री करने का प्रयास कर रहे थे। मामले में धारा 21(सी), 22(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुकेश लोनिया पूर्व में भी नारकोटिक्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। अब पुलिस नशीली दवाओं की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आरोपियों की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन कर नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जा रही है।








