कच्चे मकान से पक्के घर तक का सफर, धुएं से मिली मुक्ति और हर माह आर्थिक संबल
उतरा बाई ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति जताया आभार
पत्रकार हीरालाल राठिया लैलूंगा रायगढ़
रायगढ़, 19 सितम्बर 2026/ रायगढ़ जिले की उतरा बाई महंत के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और महतारी वंदन योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। कभी कच्चे मकान में रहने और लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने वाली उतरा बाई को अब पक्का घर, गैस कनेक्शन और नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है।उतरा बाई बताती हैं कि पहले उनका मकान कच्चा था। बारिश और मौसम की परेशानियों के बीच परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद उनका सपना साकार हुआ और कच्चे मकान की जगह पक्का घर बन गया। अब उनका परिवार सुरक्षित और बेहतर आवास में रह रहा है।
उज्ज्वला योजना से धुएं और परेशानी से मिली मुक्ति
उतरा बाई को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का भी लाभ मिला है। योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से अब उन्हें लकड़ी और चूल्हे के धुएं के बीच खाना नहीं बनाना पड़ता। वे बताती हैं कि पहले आग जलाकर खाना बनाने में काफी समय और मेहनत लगती थी। धुएं के कारण भी परेशानी होती थी। अब गैस चूल्हे पर आसानी से और कम समय में भोजन तैयार हो जाता है। उतरा बाई के अनुसार, उज्ज्वला योजना ने उनके रोजमर्रा के जीवन को काफी आसान बना दिया है।
महतारी वंदन से हर माह मिल रहा आर्थिक सहारा
उतरा बाई को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। यह राशि घरेलू जरूरतों को पूरा करने में उनके लिए उपयोगी साबित हो रही है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें अपने छोटे-बड़े खर्चों के लिए सहारा मिलता है। उतरा बाई कहती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का काम कर रही है।
योजनाओं का लाभ पाकर बढ़ा भरोसा, शासन के प्रति जताया आभार
उतरा बाई ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से उनके जैसे जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में नई उम्मीद और खुशियां आई हैं।






