करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की नहीं हो सकी शिनाख्त, चक्रधरनगर पुलिस और एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
रायगढ़। जिले के ग्राम बंगुरसिया में मेन रोड किनारे एक साइन बोर्ड पर अज्ञात व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आसपास के लोगों से पूछताछ, फिर भी नहीं हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर ग्राम बंगुरसिया मेन रोड किनारे साइन बोर्ड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव लटका होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को करीब 35 वर्षीय पुरुष का शव लाल रंग के कपड़े से बने फंदे पर लटका मिला।
पुलिस ने आसपास के रहवासियों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया शव
आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस ने मृतक के फोटोग्राफ विभिन्न सूचना एवं संपर्क समूहों में भी साझा किए हैं।
पहचान होने पर इन नंबरों पर दें सूचना
चक्रधरनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
- थाना प्रभारी, चक्रधरनगर: 9479193210
- पुलिस कंट्रोल रूम: 9479193299
पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने से मृतक की पहचान करने और उसके परिजनों तक जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।











