इंफाल। मणिपुर में जातीय हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के व्यक्ति पाओलेन खोंगसाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। हत्या के विरोध में कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) ने जिले में आधी रात से 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है। वहीं, मैतेयी समुदाय के तीन लोगों की हत्या के विरोध में घाटी के पांच जिलों में 48 घंटे के बंद से जनजीवन प्रभावित रहा।
जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, पाओलेन खोंगसाई पी मोल्डिंग गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान उग्रवादियों ने उन पर हमला कर दिया। गोलीबारी के बीच दूसरा व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा।
इससे पहले सोमवार को कांगपोकपी जिले के सुनरोक क्षेत्र में जलावन की लकड़ी बीन रहे मैतेयी समुदाय के 14 लोगों पर घात लगाकर हमला किया गया था। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घाटी के पांच जिलों में बंद, बाजार और स्कूल रहे बंद
मैतेयी समुदाय के तीन लोगों की हत्या के विरोध में मंगलवार को 48 घंटे के बंद का असर घाटी के पांच जिलों में देखने को मिला। इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग में बाजार, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी ठप रहीं, हालांकि कुछ निजी वाहन सड़कों पर चलते दिखाई दिए। नेटिव पीपुल्स कमेटी मणिपुर के सदस्यों ने मंगलवार और बुधवार को बंद का आह्वान किया है।
तलाशी अभियान में तीन संदिग्ध गिरफ्तार
इस बीच, पुलिस ने कांगपोकपी जिले में तलाशी अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दोरजी लहातू ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीन में से दो आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे सुनुरोक पहाड़ियों में हुए हमले में शामिल उग्रवादियों में से थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा भी बरामद किया गया है।
इसके अलावा, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने थौबल जिले में हाल में दो समुदायों के बीच हुई झड़पों में कथित संलिप्तता के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन झड़पों में एक युवक की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं के साथ की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा
राज्य में लगातार बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने मंगलवार को विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए के नेताओं के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता मेघचंद्र सिंह, लोकसभा सदस्य अंगोमचा बिमोल अकोइजम और विपक्षी गठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान नेताओं ने राज्य में मौजूदा हालात पर चर्चा करते हुए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मांग पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि बैठक में राज्य की समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही मणिपुर में शांति बनाए रखने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर सार्थक चर्चा हुई।
लगातार हो रही हत्याओं, बंद और सुरक्षा अभियानों के बीच राज्य में शांति बहाली की चुनौती बनी हुई है। अब सभी की निगाहें सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और दोनों समुदायों के बीच तनाव कम करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिकी हैं।











