जनजातीय बाहुल्य ग्राम गणपतपुर में आयोजित हुआ शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में माताओं को पोषण और बेहतर देखभाल के लिए किया जागरूक
रायगढ़, 22 अक्टूबर 2026/ धरमजयगढ़ विकासखंड के कापू बाल विकास परियोजना अंतर्गत जनजातीय बाहुल्य ग्राम गणपतपुर में बाल संदर्भ शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 155 कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां दी गईं। साथ ही शिविर में माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और उचित देखभाल के संबंध में जरूरी परामर्श दिया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

ऊंचाई और वजन मापकर दर्ज की गई जानकारी
शिविर में बच्चों की ऊंचाई और वजन मापकर उनकी जानकारी संदर्भ कार्ड में दर्ज की गई, ताकि उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति पर नियमित रूप से नजर रखी जा सके। माताओं को बच्चों के खानपान, संतुलित पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी देते हुए उनकी उचित देखभाल के लिए जागरूक किया गया। शिविर के माध्यम से जिले के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र के बच्चों को स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां और पोषण संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध करायी गई। शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अरुण पांडेय, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन एवं डॉ. प्रदीप सहित डॉ. गजानन, डॉ. अंकित, डॉ. भूपेंद्र, डॉ. भैना, डॉ. पूनम और डॉ. गीतांजलि उपस्थित रहे












